नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
महानिदेशक ने राज्य में नई एनसीसी इकाइयों के गठन, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एनसीसी के विस्तार और आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों को राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
