चारधाम यात्रा मार्गों और पवित्र मंदिरों के आसपास मांस और शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंंधित है. इसके बावजूद भी मांस और शराब बिक्री के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में बदरीनाथ धाम की पवित्रता एवं धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बदरीनाथ पुलिस ने प्रतिबंधित मांसाहारी सामग्री एवं शराब के साथ चार व्यक्तियों को पकड़ा है. पुलिस का कहना है कि उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा.
गौर हो कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में नॉनवेज और शराब परोसने वालों पर पुलिस सख्त एक्शन ले रही है. साथ ही लगातार चेकिंग अभियान चलाकर मांस और अवैध शराब को प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचने से रोका जा रहा है. बुधवार को धाम क्षेत्र में सुरक्षा एवं चेकिंग व्यवस्था के तहत पुलिस द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही थी, इसी दौरान ज्योतिर्मठ से बदरीनाथ की ओर आ रही एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया लगभग 12 किलो से अधिक मांस (मुर्गा), मछली और शराब की बोतलें बदरीनाथनाथ पुलिस द्वारा बरामद की गई.
पूछताछ में वाहन में सवार चारों व्यक्तियों ने स्वयं को नेपाल निवासी मजदूर बताया. पुलिस द्वारा उन्हें धाम क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों की जानकारी दी गई तथा उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई. बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुरूप मांस एवं मदिरा का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है. ऐसे में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को धाम क्षेत्र में लाना धार्मिक भावनाओं को आहत करने के साथ-साथ नियमों का भी उल्लंघन है. पुलिस ने बरामद मांस, मछली एवं शराब को नियमानुसार नष्ट कराते हुए स्पष्ट किया कि धाम की गरिमा एवं पवित्रता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक सख्ती से जारी रखा जाएगा. चमोली पुलिस ने कहा कि,आस्था के धामों की मर्यादा से समझौता नहीं किया जाएगा. पुलिस ने मामले में घनश्याम दमाई, मनबहादुर, संदीप, दत्तकामी पर कार्रवाई की. सभी आरोपीनेपाल के निवासी हैं.
