सीमांत जनपद चमोली के दूरस्थ विकासखंड गैरसैंण के सीमावर्ती कुनीगाड़ क्षेत्र की नंदनी नेगी (उम्र 33) पत्नी भवान सिंह नेगी ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर समीक्षा अधिकारी बनी. उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद से ये मुकाम हासिल किया. नंदनी नेगी ने दो बच्चों की परवरिश के साथ ही अपनी लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा. उन्होंने परीक्षा पास कर समूचे क्षेत्र का गौरव बढ़ाने का काम किया है.
उनकी इस उपलब्धि पर विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल समेत विकासखंड के जनप्रतिनिधियों ने उनकी उपलब्धि को दृढ़ निश्चय और बेहतरीन पारिवारिक सामंजस्य का परिणाम बताया है. कुनीगाड क्षेत्र के भंडारीखोड ग्राम पंचायत की सहजकोट गांव की रहने वाली नंदनी नेगी का मायका गैरसैंण नगर के खत्रियाणा गांव में है, वर्तमान में अपने पांचवी और छठी में पढ़ने वाले दो बच्चों के साथ गैरसैंण में रहकर खुद भी परीक्षाओं की तैयारी में लगी रही. वर्तमान में घोषित हुए यूकेपीएससी एवं यूकेएसएसएससी दोनों ही परीक्षा परिणामों में उन्होंने सफलता प्राप्त की. हिंदी व अंग्रेजी कंप्यूटर टाइपिंग में उनकी दक्षता ने उनको यह उपलब्धि हासिल करने में विशेष मदद की.
