विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ सुबह की आरती के साथ शुरू हो चुका है. नीब करौरी बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है. दर्शन के लिए लोग लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. मेले को लेकर नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. भारी पुलिस बल की तैनाती, शटल सेवा, पार्किंग व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान के जरिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन कराने की तैयारी की गई है.
प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ 15 जून की सुबह मंदिर के कपाट खुलने के साथ दर्शन शुरू हो गए हैे. मेले की पूर्व संध्या से ही देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे और मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन का इंतजार कर रहे हैं. मेले में इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस की है.
