कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के गर्जिया पर्यटन जोन में एक ऐसा रोमांचक और दुर्लभ दृश्य देखने को मिला, जिसने पर्यटकों के साथ-साथ वन्यजीव प्रेमियों को भी उत्साहित कर दिया. पहली बार ऐसा हुआ जब सुबह की पाली में सफारी पर गई सभी 30 जिप्सियों में सवार पर्यटकों को टाइगर के लगभग 3 घंटों तक दीदार हुए. कॉर्बेट के इतिहास में इसे एक अनोखी और यादगार घटना मानी जा रही है.
जानकारी के अनुसार गर्जिया पर्यटन जोन में प्रतिदिन सुबह और शाम की पाली में 30-30 जीप्सियां जंगल सफारी के लिए प्रवेश करती हैं, आमतौर पर कुछ वाहनों को ही टाइगर दिखाई देता है. जबकि कई पर्यटक जंगल की सैर के बावजूद टाइगर को नहीं देख पाते, लेकिन सफारी के दौरान सुबह की पाली में हालात बिल्कुल अलग रहे सफारी पर निकली सभी 30 जिप्सियों के पर्यटकों को जंगल के राजा का दीदार हुआ, जिससे पर्यटकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया. इस दुर्लभ पल को नेचर गाइड विनोद बुधानी ने अपने कैमरे में कैद किया.
