गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं तथा चारधाम यात्रा के दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं हर समय सुचारु रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने आपातकालीन कक्ष, आईसीयू, ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी लैब, बायोकेमिस्ट्री लैब, पैथोलॉजी लैब एवं कैथ लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और मानव संसाधनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
मंडलायुक्त ने चिकित्सकों को उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा के दौरान अस्पताल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं अन्य मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में अस्पताल की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सक्रिय एवं सुव्यवस्थित रहनी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा आगामी मानसून एवं संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक उपकरणों, संसाधनों एवं अतिरिक्त मानव संसाधन की मांग संबंधी प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए फिटर एवं विद्युत कर्मियों की आवश्यकता संबंधी प्रस्ताव भी शीघ्र भेजने को कहा।
